पानी पीना है लाभकारी

Published by Kalnirnay on   September 21, 2019 in   2019Hindi

 

अक्सर हमसे कहा जाता है या हम सुनते रहते हैं कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए हमें रोज बहुत पानी पीना चाहिए, पर हम यह ठीक से नहीं जानते कि वाकई में पानी कब, कितना और कैसे पीना श्रेष्ठ है| इस बारें में हम यहां कुछ जानकारी दे रहे हैं:

चेहरे पर चमक:

सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि पानी का सेवन हमें पेट की समस्या, मोटापा, सिर दर्द, बालों के झडने जैसी बीमारियों से बचाता है| सही मात्रा में पानी के सेवन से हमारे चेहरे पर चमक रहती है| साथ ही शरीर में नई कोशिकाओं का निर्माण होता है, पर पानी पीने का फायदा हमें तभी होता है जब हम इसका सेवन सही ढंग से और सही समय पर करते हैं, अन्यथा वह नुकसान भी कर सकता है|

 कब, कैसे और कितना पानी पिए: 

  1. आप खाना खाने के तुरंत बाद या खाने के साथ-साथ पानी पीते हैं तो वह जहर के समान है| खाने के साथ पानी पीने से भोजन पचता नहीं बल्कि सडता है| इससे पेट में विषाक्त तत्व जमा होने शुरू हो जाते हैं और आपका शरीर कई बीमारियों से ग्रस्त हो जाता है|

2 . भोजन के आधे घंटे पहले पानी का सेवन करें| इससे पाचक तत्व पेट में सही तरीके से काम करने लगेंगे|

  1. अगर आपको भोजन के दौरान प्यास लगती है तो आप एक-दो घूंट पानी पी सकते है| यदि पानी में नींबू या एप्पल साइडर विनिगर मिला हुआ हो, तो इससे पाचन क्रिया और भी तेज हो जाती है| पानी पीने का बहुत मन करे तो आपको दही या छाछ रायता का सेवन करना चाहिए| इससे पाचन में बाधा नहीं आएगी|

  2. भोजन करने के एक से डेढ घंटे बाद पानी पिएं, ताकि भोजन को पचने का समय मिल सके|

पानी बैठकर ही पिएं: 

  1. एक झटके में पानी पीने के बजाय घूंट-घूंट पिएं| एक साथ पानी पीने से मुंह की लार, जिसकी वजह से पेट में अम्ल बनता है, वह पेट में नही जा पाएगी| पानी बैठकर ही पीना चाहिए, खडे होकर कतई नहीं|

  2. गर्मियो में लोग अक्सर ठंडा पानी पीना शुरू कर देते हैं, जबकि गर्मियो में मटके के पानी का और सर्दियो में गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए|

सुबह पिएं खाली पेट पानी: 

  1. सुबह उठने के बाद खाली पेट एक से दो गिलास पानी पिएं| ऐसा करने से आपके शरीर की सारी गंदगी शरीर से बाहर निकल जाती है|

अगर काम की थकान हो:

  1. अगर आप काम करके थक गये हों, या काम करने का मन नहीं कर रहा हो तो तनिक रूक कर पानी पी लें| इससे थकान तो दूर हो जाती है, दिमाग भी तरोताजा हो जाता है|

शाम के बाद कम पानी पिएं:

शाम के बाद पानी का सेवन कम कर देना चाहिए| उस समय पानी का अधिक सेवन करने से हमें बार-बार पेशाब के लिए उठना पडता है , जिससे नींद पूरी नहीं होती|

घटाता है ब्लडप्रेशर:

नहाने से पहले अगर आप दो ग्लास पानी का सेवन करते है तो आपका ब्लडप्रेशर कम होने में सहायता मिलती है, लेकिन जब आप गर्म शॉवर ले रहें हो तो आपको ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए|

मसल्स को मिलती है उर्जा:

पानी पीने से मसल्स को उर्जा मिलती है अत: कसरत करने के पहले और कसरत के बाद भी पानी का सेवन करना चाहिए|

बीमारी और प्रेगनेंसी में पानी की मात्रा:

बीमारी में पानी का सेवन अधिक मात्रा में करना चाहिए| इससे रिकवरी की प्रक्रिया तेज हो जाती है| प्रेगनेंसी के दिनों में भी महिलाओं को अधिक मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए| दोनो स्थितियों में कम से कम १० गिलास पानी पीना चाहिए|

कितना पानी पिएं:

इस बारे में चिकित्सा विज्ञान में एक मत नहीं, पर डॉक्टर के मुताबिक हमें दिन में ८ से १० गिलास पानी पीना चाहिए और अधिकतम १२ गिलास पानी पीना चाहिए| पानी का बहुत ज्यादा सेवन हमारे लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है| एक दिन में कितना पानी पीना चाहिए, इसका एक फॉर्म्युला भारतीय वैज्ञानिक और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता राजीव दीक्षित ने तैयार किया है| श्री दीक्षित के अनुसार, पानी पीने की एक न्यूनतम सीमा और एक अधिकतम सीमा है|

अधिकतम सीमा:

आपका जितना वजन है उसमें दस से भाग दीजिए और जो अंक आता है, उतने लीटर पानी आप एक दिन में अधिकतम पी सकते है| उदाहरण के लिए आपका वजन ६० किलो है| इसमे दस का भाग दीजिए, यानी आपको एक दिन में छह लीटर पानी पीना चाहिए|

न्यूनतम सीमा :

आप एक दिन में जितना भोजन करते है, उसमें दस से गुणा कर दीजिए और जो अंक आता है, उतना कम से कम पानी आपको पीना चाहिए| उदाहरण के लिए आप एक दिन में ३५० ग्राम भोजन लेते है तो उसको दस से गुणा कर दीजिए, यानी आपको एक दिन में कम से कम साढे तीन लीटर पानी पीना चाहिए|

अधिक हिंदी ब्लॉग पढ़ने के लिए, हमारे ब्लॉग अनुभाग पर जाएँ।


कालनिर्णय हिंदी